शिवपुरी। भारत अपनी आजादी का 75 वां वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव के रुप में मना रहा है। गृह मंत्रालय ने इस अवसर पर अनेक कार्यक्रम और गतिविधियॉ करने की योजना बनाई है, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र बलों द्वारा साईकिल रैलियों का आयोजन भी शामिल है। ये रैलियां देश के विभिन्न भागों से आरम्भ हो गई है और 2 अक्टूबर 2021 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन पर राजघाट पर सम्पन्न होगी। ये रैलियां भारत के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति के साथ.साथ 75 साल की प्रगति और विकास को भी महत्व प्रदान करने के लिए है। साईकिल रैलियों के मार्गों की योजना इस तरह बनाई गई है कि यह भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुडे़ मार्गों से होकर गुजरे।
इसी क्रम में केन्द्रीय सीमान्त, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल भोपाल द्वारा साईकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आईटीबीपी के 24 साईकिलरोही भाग ले रहे है। इस साईकिल रैली को 22 सितंबर को नरोत्तम मिश्रा, गृह मंत्री मध्य प्रदेश सरकार द्वारा हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया गया। यह साईकिल रैली केन्द्रीय सीमान्त, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल भोपाल से रवाना हुई जोकि नजीराबाद, गुना, शिवपुरी, झांसी, ग्वालियर, आगरा, अलीगढ़ एवं ग्रेटर नोएड़ा होते हुए, कुल 957 किमी की दूरी तय करके राजघाट, दिल्ली में 02 अक्टूबर को सम्पन्न होगी। 25 सितंबर को यह साईकिल रैली संध्या समय में दूरसंचार वाहिनी आईटीबीपी शिवपुरी पहुंची। उक्त साईकिल चालकों का वाहिनी के पदाधिकारियों द्वारा तहेदिल से स्वागत किया गया।
उक्त साईकिल रैली में भाग लेने वाले साईकिल चालक रास्ते में आने वाले लोगों के साथ कोविड के समय और बाद में स्वस्थ्य एवं फिट रहने, फिट इण्डिया प्रोग्राम, बेटी बचाओ बेटी पढाओ, स्वच्छ भारत अभियान संबंधी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में बातचीत करेंगे और जनता को आजादी का अमृत महोत्सव से जोडेंगे और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी फैलाएंगे। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रमों के अन्तर्गत केन्द्रीय सशस्त्र बलों द्वारा देशभर में एक करोड़ वृक्ष लगाने का काम किया है।
Be First to Comment